18 वर्षीय काम्या कार्तिकेयन ने रचा इतिहास, दक्षिण ध्रुव तक स्की करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बनीं

खबर शेयर करें -

भारतीय नौसेना के एक अधिकारी की 18 वर्षीय बेटी काम्या कार्तिकेयन ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। काम्या ने दक्षिण ध्रुव तक स्की कर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय और दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला बनने का गौरव हासिल किया है। इस ऐतिहासिक अभियान को उन्होंने 27 दिसंबर 2025 को सफलतापूर्वक पूरा किया। इंडियन नेवी ने इस असाधारण उपलब्धि के लिए काम्या को बधाई दी है।

काम्या कार्तिकेयन, नेवी चिल्ड्रन स्कूल (NCS) की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में यह अभियान पूरा किया। दक्षिण ध्रुव तक पहुंचने के दौरान उन्हें माइनस 30 डिग्री सेल्सियस तापमान, तेज बर्फीली हवाओं और कठिन भौगोलिक हालात का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने 89 डिग्री दक्षिण अक्षांश से करीब 60 नॉटिकल मील (लगभग 115 किलोमीटर) की दूरी पैदल तय की। इस दौरान वे अपने पूरे अभियान का सामान स्लेज पर खींचते हुए आगे बढ़ीं।

कम उम्र में पर्वतारोहण और ध्रुवीय अभियानों में महारत हासिल कर चुकीं काम्या अब “एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम” को पूरा करने के मिशन पर हैं। यह साहसिक उपलब्धि दुनिया के सबसे कठिन एडवेंचर लक्ष्यों में गिनी जाती है, जिसमें सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ाई और उत्तर व दक्षिण दोनों ध्रुवों तक स्की करना शामिल है। भारतीय नौसेना ने काम्या की इस सफलता को देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। उनका यह कारनामा न केवल साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उदाहरण है, बल्कि यह दिखाता है कि भारतीय युवा विश्व स्तर पर किसी भी चुनौती को पार करने में सक्षम हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News