बागेश्वर। जिले के निवासी आकाश कुमार ने हिंदी साहित्य विषय से यूजीसी नेट परीक्षा लगातार तीसरी बार पास कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस बार उन्हें 96.85 पर्सेंटाइल स्कोर के साथ सफलता मिली है। सीमित संसाधनों वाले सामान्य परिवार से आने वाले आकाश की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
आकाश कुमार बागेश्वर कैंपस के मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने एमए हिंदी साहित्य में कैंपस टॉपर रहकर अपनी शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया था। इसके बाद उन्होंने बीएड की पढ़ाई भी बागेश्वर कैंपस से ही पूरी की। पढ़ाई के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत के दम पर उन्होंने नेट परीक्षा में लगातार तीन बार सफलता प्राप्त कर हैट्रिक बनाई है।
पारिवारिक परिस्थितियां भी उनके लिए आसान नहीं रहीं। बचपन में ही पिता का साया सिर से उठ गया था। उनकी माता आंगनवाड़ी कार्यकर्ती के रूप में कार्यरत हैं और उन्हीं के संघर्ष और सहयोग से आकाश ने अपनी शिक्षा जारी रखी। सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया।
शिक्षा के साथ-साथ आकाश खेलकूद में भी सक्रिय रहे हैं। वे क्रिकेट और फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी माने जाते हैं और कई स्थानीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। इसके अलावा वे सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
अपनी इस सफलता पर आकाश ने इसका श्रेय अपनी माता, गुरुजनों और निरंतर अध्ययन को दिया है। उनका आगे का लक्ष्य हिंदी साहित्य के क्षेत्र में शोध कार्य करना और अकादमिक क्षेत्र में योगदान देना है। उनकी उपलब्धि से बागेश्वर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
