जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में हुई तीन माह के विशेष टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मानव पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान की योजना एवं क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर प्रस्तावित तीन माह के विशेष टीकाकरण अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि यह अभियान पूरे जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए संचालित किया जाएगा, जिसमें उन्हें HPV वैक्सीन की खुराक प्रदान की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी ने जानकारी दी कि HPV वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है, तथा यह भविष्य में महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण का एक सशक्त माध्यम है।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों में अध्ययनरत लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं का अद्यतन व सत्यापित डाटा शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए, जिससे अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण को लेकर समाज में व्याप्त भय, अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए, तथा किसी भी प्रकार की गलत जानकारी फैलने से पूर्व उसका तथ्यात्मक खंडन किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान हमारी बालिकाओं को सुरक्षित रखने का एक प्रभावी माध्यम है, इसलिए बालिकाओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों की समुचित काउंसलिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि वे टीकाकरण के महत्व को भली-भांति समझ सकें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग आपसी समन्वय से अभियान में कार्यरत्त करेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयवार रोस्टर तैयार करने, चिकित्सकों को विद्यालयों में जाकर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने तथा शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए, जिससे वे अभिभावकों व छात्राओं को सही जानकारी प्रदान कर सकें।
साथ ही, डॉक्टरों की उपस्थिति में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, पूर्व प्रचार-प्रसार एवं क्षेत्रीय स्थिति के आकलन हेतु ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स समिति के बैठकों के आयोजन के निर्देश दिए गए, ताकि जमीनी स्तर पर अभियान की तैयारी व प्रभावशीलता का आंकलन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ आर सी तिवारी, सीएमओ डॉ कुमार आदित्य तिवारी, सीएमएस डॉ तपन शर्मा, डीपीओ डॉ मंजुलता यादव, तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं डॉक्टर उपस्थित रहे।
