बागेश्वर:महादेव क्रिकेट क्लब मटेला द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन 26 जनवरी 2026 को सिंदेश्वर क्रिकेट ग्राउंड में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित इस समापन समारोह में खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गरुड़ और चुराड़ी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें गरुड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गरुड़ की टीम ने निर्धारित ओवरों में 186 रन बनाए, हालांकि पूरी टीम ऑलआउट हो गई। गरुड़ की ओर से चंदन ने अहम 36 रनों की पारी खेली और गेंदबाजी में भी 2 विकेट हासिल किए। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाले मैनु को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी चुराड़ी की टीम दबाव में आ गई और निर्धारित स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। इस तरह गरुड़ ने फाइनल मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास जी रहे। विशिष्ट अतिथियों में रवि करायत, फतेह सिंह करायत, घनश्याम राणा (मंडल अध्यक्ष भाजपा खरेही), विनोद रौतेला, राजू रौतेला, संजय कुमार, बालम बिष्ट, कमल राणा और बालम नगरकोटी शामिल रहे। मुख्य अतिथि द्वारा विजेता टीम को ₹25,000 नकद पुरस्कार व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को ₹12,000 नकद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान की गई।
मैच के सफल संचालन में कॉमेंटेटर संजय जनौटी और देवेंद्र अधिकारी की अहम भूमिका रही, जबकि अंपायरिंग की जिम्मेदारी चंदन रौतेला और हेमंत रौतेला ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में आयोजक आयुष रौतेला, दीपक रौतेला, सूरज रौतेला, मनीष रौतेला, भूपेंद्र रौतेला और जोगेंद्र रौतेला सहित अन्य युवाओं का सराहनीय योगदान रहा।
समापन अवसर पर अतिथियों ने आयोजकों को बधाई देते हुए क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
