जितेंद्र कुमार मेहरा (IPS) ने संभाला एसपी बागेश्वर का पदभार, नशा व साइबर अपराध पर सख्ती के संकेत

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनपद बागेश्वर को मिले नये पुलिस अधीक्षक। आज दिनांक 15 फरवरी 2026 को जितेंद्र कुमार मेहरा (IPS) ने औपचारिक रूप से पुलिस अधीक्षक बागेश्वर का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिए कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए ठोस व परिणामोन्मुखी कदम उठाए जाएंगे।

कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व एसपी मेहरा ने जिले के आराध्य देव बाबा बागनाथ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात पुलिस कार्यालय पहुंचकर उन्हें गार्द सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली।

परिचय कार्यक्रम के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ अंकुश लगाया जाएगा। नशे के नेटवर्क में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों को गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने आम नागरिकों को जागरूक करने और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने की बात कही।

एसपी मेहरा ने यातायात व्यवस्था को सुधारने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए सघन अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही बीट पुलिसिंग को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास व संवाद बेहतर हो सके।

उन्होंने पुलिस बल के मनोबल को ऊंचा रखने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास करने की बात कही। एसपी मेहरा ने स्पष्ट किया कि अराजक तत्वों, अपराधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून का राज बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News