सिक्किम में कर्तव्य निभाते हुए दी शहादत, जिलाधिकारी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़: जनपद पिथौरागढ़ के वीर जवान विकास कुमार की शहादत से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। भारतीय सेना की 19 कुमाऊँ रेजिमेंट में तैनात विकास कुमार सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए। जैसे ही उनके शहीद होने की खबर उनके पैतृक गांव गणकोट (सुकौली) पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों की आंखें नम हैं। हालांकि इस दुख के बीच सभी को इस बात का गर्व भी है कि गांव का लाल देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने शहीद विकास कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विकास कुमार का बलिदान देश के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। उनका यह सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करेगा।

जिलाधिकारी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति मिले।

शहीद विकास कुमार अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, भाई और मात्र 8 महीने के एक छोटे बच्चे को छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन बेटे की शहादत पर उन्हें गर्व भी है। गांव के लोग लगातार उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

इस दौरान महापौर कल्पना देवलाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विरेंद्र सिंह बोहरा, उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने एक स्वर में कहा कि देश की रक्षा में दिया गया यह बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।

विकास कुमार की शहादत ने पूरे पिथौरागढ़ को गमगीन कर दिया है, लेकिन साथ ही यह बलिदान हर देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत भी बन गया है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News