जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े की अध्यक्षता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित

खबर शेयर करें -

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं के समाधान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं मुद्दों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पिछली बैठक के कार्यवृत्त के अनुपालन की भी विस्तृत समीक्षा की गई तथा जिन प्रकरणों का निस्तारण लंबित है, उन्हें शीघ्रता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उसका श्रेय उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों को जाता है, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अथक परिश्रम और बलिदान दिया।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों से संबंधित मामलों को पूर्ण संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि समस्त उपजिलाधिकारी लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण करते हुए उसकी अनुपालन रिपोर्ट कलेक्ट्रेट में प्रस्तुत की जाए।


स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने बैठक के दौरान अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में संबंधित विभाग द्वारा कोई भी कार्यवाही की जाती है, उसकी सूचना लिखित रूप में संबंधित प्रार्थी को उपलब्ध कराई जाए तथा उसकी एक प्रति उन्हें अनिवार्य रूप से दी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी सुंदर लाल को भी निर्देशित किया कि शिलापट संबंधित शेष लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए उनकी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, सीईओ (शिक्षा) विनय कुमार आर्या, एसडीएम गरुड़ वैभव काण्डपाल, डीपीओ सुन्दर लाल, ईई जल निगम वी.के. रवि, ईई जल संस्थान दलीप सिंह बिष्ट, ईई यूपीसीएल मोहम्मद अफजल, ईई पीएमजीएसवाई कपकोट अम्बरीष रावत, ईई पीडब्ल्यूडी कपकोट अमित कुमार पटेल, डीई बीएसएनएल आशीष निगम, एई जल संस्थान दीनदयाल एवं ईडीएम रोहित बहुगुणा तथा समस्त स्वतंत्र सैनानियों के उत्तराधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News