खटीमा के वरिष्ठ पत्रकार पर मुकदमे के विरोध में बागेश्वर के पत्रकारों का ज्ञापन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जिले के पत्रकारों ने अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर खटीमा के वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग की है। साथ ही पत्रकारों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की अपील भी की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के विरुद्ध पुलिस द्वारा FIR संख्या 0090 (दिनांक 27 मार्च 2026) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पत्रकारों का आरोप है कि यह कार्रवाई प्रतिशोध की भावना से की गई है। पत्रकारों के अनुसार, फुलेरा ने चकरपुर (खटीमा) क्षेत्र में गैस आपूर्ति की किल्लत को लेकर एक ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जो पूरी तरह जनहित से जुड़ी थी। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा समाचार की जांच करने के बजाय पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जो लोकतंत्र में प्रेस की स्वतंत्रता के लिए चिंताजनक है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि दीपक फुलेरा पिछले 18 वर्षों से निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं और उनके खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि उक्त मुकदमे को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए तथा भविष्य में पत्रकारों के खिलाफ किसी भी शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने से पहले राजपत्रित अधिकारी स्तर पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, जनहित के मुद्दे उठाने वाले पत्रकारों को सुरक्षा एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान एनयूजे के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक पाठक, संजय साह जगाती, प्रदेश सचिव जगदीश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष शंकर पांडे, केशव भट्ट, हिमांशु गड़िया,महीप पांडे, रोहिणी जोशी, बसंत चंदोला, मोहिउद्दीन अहमद,लता प्रसाद सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News