देहरादून: गुरुनानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रेसकोर्स में पहुंचकर मथा टेका और अरदास में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और विशेष रूप से सिख समुदाय को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और भक्ति की भावना को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रथम सिख गुरु, श्री गुरु नानक देव जी ने अपने उपदेशों और यात्राओं के माध्यम से समाज को अंधविश्वास और बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने समानता, सेवा, सत्य और परोपकार का मार्ग दिखाया। गुरु नानक देव जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है, जो समाज में भाईचारे और एकता को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सदैव से ही संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि रहा है। यहां की संस्कृति में सेवा और समर्पण की भावना रची-बसी है। राज्य सरकार सभी समुदायों की आस्था और परंपराओं का सम्मान करती है और सामाजिक समरसता को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


