बागेश्वर: जिला अस्पताल बागेश्वर में भर्ती महिला भागीरथी को अचानक B+ रक्त की अत्यंत आवश्यकता पड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर परिजनों ने लोगों से मदद की अपील की। रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से की गई अपील का असर तुरंत देखने को मिला और दो लोगों ने आगे आकर मानवता की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार बागेश्वर कैंपस की पूर्व छात्रा और वर्तमान में उत्तराखंड होमगार्ड में कार्यरत कोमल मलियाल ने पहली बार रक्तदान किया। उन्होंने बिना किसी हिचक के अस्पताल पहुंचकर जरूरतमंद महिला के लिए B+ रक्त दिया। उनके इस कदम की अस्पताल स्टाफ और परिजनों ने सराहना की।
इसके अलावा ज्येष्ठ प्रमुख बागेश्वर मनीष कुमार ने भी आगे बढ़कर रक्तदान किया। उन्होंने भी B+ रक्त देकर महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों रक्तदाताओं की तत्परता से समय पर रक्त उपलब्ध हो सका, जिससे मरीज की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने दोनों रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई कि जरूरत पड़ने पर रक्तदान के लिए आगे आएं, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समय पर की गई छोटी सी मदद किसी के लिए जीवनदान बन सकती है।
