डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी (डीआरएसटीयूएए), नैनीताल के तत्वावधान में विकास भवन सभागार में जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरुवार को सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को वेतन निर्धारण, आहरण एवं वितरण संबंधी नियमों, एसीपी/एमएसीपी तथा ई-ऑफिस प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
इस दौरान संयुक्त निदेशक डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल के प्रतिनिधि डॉ. महेश कुमार द्वारा प्रशिक्षण सत्र लिया गया। ई-ऑफिस विषय पर एनआईसी की एकता बोहरा ने प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि वेतन निर्धारण, एसीपी एवं एमएसीपी से जुड़े नियमों पर उप कोषाधिकारी कपकोट जितेंद्र चंद्र उपाध्याय ने विस्तार से जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से अधिकारियों को कार्यालयी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं वित्तीय नियमों के अनुरूप संचालित करने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, वरिष्ठ कोषाधिकारी के.आर. सारकी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजुलता यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी सहित जनपद के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
