बागेश्वर जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनः प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए औषधि विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत 15 रिटेल व होलसेल मेडिकल स्टोरों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक पूजा रानी द्वारा एसबीआई तिराहा, तहसील रोड एवं जिला चिकित्सालय क्षेत्र में स्थित मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर वैध लाइसेंस, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति एवं दवाओं की विधिसम्मत बिक्री की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनः प्रभावी दवाएं केवल चिकित्सकीय पर्चे पर ही बेची जाएं। साथ ही स्टोरों में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी गहनता से जांच की गई। औषधि निरीक्षक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध दवा कारोबार पर अंकुश लगाना तथा युवाओं को नशे से दूर रखना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे केवल लाइसेंसधारी थोक विक्रेताओं से ही दवाएं खरीदें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।

