45 दिवसीय खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू, 1.75 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य

खबर शेयर करें -

जनपद में पशुओं को घातक खुरपका-मुंहपका रोग से सुरक्षित करने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा 2 अप्रैल से व्यापक टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। विकास भवन से मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर 45 दिवसीय अभियान का शुभारंभ किया।

इस अभियान के तहत जनपद में 80,000 गाय-भैंसों एवं 95,000 भेड़-बकरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पशुओं का टीकाकरण निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा नगरपालिका, जिला पंचायत एवं दुग्ध विकास विभाग का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. के.के. जोशी ने बताया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु 68 टीमों का गठन किया गया है, जो पशुपालकों के द्वार पर पहुंचकर टीकाकरण करेंगी। इनमें बागेश्वर विकासखंड के लिए 30 टीमें, गरुड़ के लिए 13 तथा कपकोट के लिए 25 टीमें तैनात की गई हैं। 16 मई तक चलने वाले इस चरण में गाय-भैंसों के लिए यह आठवां तथा भेड़-बकरियों के लिए चौथा टीकाकरण चरण होगा।

उन्होंने बताया कि टीकाकरण से पूर्व प्री-वैक्सीनेशन सैंपल लिए जा चुके हैं तथा अभियान के उपरांत पोस्ट-वैक्सीनेशन सैंपल भी लिए जाएंगे, जिससे वैक्सीन की प्रभावशीलता का आकलन किया जा सके।

डॉ. जोशी ने कहा कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो पशुओं की कार्यक्षमता एवं दुग्ध उत्पादन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को इस रोग से सुरक्षित रखने हेतु विभागीय टीमों का पूर्ण सहयोग करें।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News