बागेश्वर: जिले में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आते ही प्रशासन में सक्रियता और जनता से जुड़ी पहलों की शुरुआत की थीं। बीते रविवार को उन्हें पिथौरागढ़ का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। बागेश्वर में उन्होंने शिक्षा, जन शिकायत निवारण, धार्मिक पर्यटन विकास, बालिका शिक्षा और भूमि सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में उनकी योजनाएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।
उन्होंने Hello Bageshwar Help Desk शुरू किया था, जो प्रत्यक्ष नागरिक संपर्क व शिकायत निवारण प्रणाली है।इस हेल्प डेस्क पर नागरिक विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लेते थे, और अपनी शिकायतें दर्ज करवाते थे। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभागों तक उसका त्वरित प्रेषण सुनिश्चित किया जाता था।
मंदिरों के आधुनिकीकरण और धार्मिक स्थल विकास उनकी अगली बड़ी योजना है। उन्होंने मंदिर माला मिशन के अंतर्गत बागनाथ व बैजनाथ मंदिरों की पुनरुद्धार प्रस्तावों की समीक्षा की। इस बैठक में उन्होंने विभागों को आवश्यक प्रस्ताव जल्द राज्य सरकार को भेजने का निर्देश दए थे। कुल मिलाकर ₹36 करोड़ की राशि इन धार्मिक परियोजनाओं के लिए प्रस्तावित की गई थी। जिसमें ₹23 करोड़ बागनाथ मंदिर और ₹23 करोड़ बैजनाथ मंदिर हेतु थे।
शिक्षा एवं छात्राओं को आत्मविश्वास देना भी उनकी प्राथमिकताओं में था। मेरा सपना, मेरा लक्ष्य कार्यक्रम के माध्यम से आईएएस भटगांई ने छात्राओं को करियर विकल्पों और अनुभवों की जानकारी दी, तथा सरकारी कार्यालयों का शैक्षिक भ्रमण कराया ताकि वे प्रशासनिक प्रक्रिया समझ सकें।
पर्यावरण और भूमि सुरक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने कदम बढ़ाए। जिला प्रशासन ने नदी किनारों और सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण को रोकने के लिए लोगों से स्वैच्छिक खाली करने का आग्रह किया है।
बागेश्वर जिला अस्पताल में उन्होंने हैलो हेल्थ हेल्पलाइन सेवा की शुरूआत भी की थी। जिसके माध्यम से मरीज जिला अस्पताल और इलाज से जुड़ी सभी जानकारियां हासिल करते थे। इसके अलावा वे समय-समय पर प्रशासनिक कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाते थे।
आशीष भटगांई 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, और यहां वे पहली बार जिलाधिकारी बनकर आए थे। इससे पहले बड़े जिलों में सीडीओ और डायरेक्टर रह चुके हैं। बागेश्वर में कार्यभार संभालते समय उन्होंने स्वास्थ्य-शिक्षा, आपदा प्रबंधन और जन शिकायतों के त्वरित निपटान को प्राथमिकता दी थी।
जिलाधिकारी भटगांई की इन पहलों से स्थानीय जनता में उम्मीद जगी थी कि प्रशासन आसान, पारदर्शी और आगे की ओर प्रेरित हो रहा है। हालांकि उनके स्थानांतरण की खबर सुनकर बागेश्वर की जनता थोड़ा मायूस तो है, लेकिन उन्हें लगातार दूसरी जिलाधिकारी के रूप में पोस्टिंग मिलने से खुश भी है।

