बागेश्वर। निष्काम और निस्वार्थ भाव से किए गए सामाजिक व सैनिक कल्याण कार्यों का प्रतिफल लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) बी.एस. रौतेला (अ.प्रा.) को थलसेनाध्यक्ष के सराहना पत्र के रूप में मिला है। 19 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित सेना भवन के साउथ ब्लॉक सभागार में आयोजित भव्य समारोह में थलसेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी (परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल) ने उन्हें सराहना पत्र प्रदान कर उनके उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा की।
कर्नल बी.एस. रौतेला वर्ष 2007 में कुमाऊँ रेजिमेंट से सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद उनका चयन जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पद पर हुआ। लगभग 10 वर्ष 7 माह तक उन्होंने ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के रूप में सेवा दी। इस दौरान उन्होंने वीर नारियों, दिव्यांग पूर्व सैनिकों और अन्य पूर्व सैनिकों को उनके वैधानिक अधिकार दिलाने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से सही पेंशन, पारिवारिक पेंशन, अनुग्रह राशि और अन्य लाभ दिलाने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पद से सेवा निवृत्त होने के बाद भी कर्नल रौतेला का सेवा भाव कम नहीं हुआ। पूर्व सैनिकों ने उन्हें अध्यक्ष, जिला पूर्व सैनिक लीग नैनीताल की जिम्मेदारी सौंपी। पद बदल गया, लेकिन उनकी कार्यशैली, कर्मठता और समर्पण वही रहा। आज भी वे वीर नारियों और पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
समारोह के दौरान इस माह सेवानिवृत्त हो रहे सभी रैंकों के अधिकारियों के समक्ष कर्नल रौतेला द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों का वाचन किया गया, ताकि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी उनसे प्रेरणा लेकर सेवा के बाद भी समाज, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के हित में निस्वार्थ भाव से योगदान दें।
कर्नल रौतेला को थलसेनाध्यक्ष द्वारा सम्मानित किए जाने पर हल्द्वानी सहित पूरे उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों में खुशी की लहर है। पूर्व सैनिकों ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि इस सम्मान से सभी को प्रेरणा मिली है और सेवा की भावना को और बल मिला है।
