हल्द्वानी: आज सैनिक मिलन केंद्र, हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अलका जीना ने अपने साथियों के साथ मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों की वीर नारियों को राखी बांधकर उन्हें भाई का दर्जा दिया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की टीम ने वीर नारियों के साहस और त्याग को नमन किया।
अलका जीना के साथ ममता भट्ट और अन्य पदाधिकारी जिला पूर्व सैनिक लीग में पहुंचीं, जहां लीग अध्यक्ष कर्नल रौतेला ने बताया कि हल्द्वानी में कई ऐसी वीरांगनाएं रहती हैं, जिनके पतियों ने अपनी जान देकर देश की रक्षा की। उन्होंने सुझाव दिया कि राखी कार्यक्रम में इन वीर नारियों को भी शामिल किया जाए। इसके बाद महिला मोर्चा की टीम ने पहले वीर नारियों को राखी बांधी, फिर उपस्थित गौरव सेनानियों को भी रक्षा सूत्र अर्पित किया। कार्यक्रम में सभी ने इस पहल को भावुक और गर्व का क्षण बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत उत्तरकाशी के धराली में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा में दिवंगत लोगों और अन्य प्राणियों को श्रद्धांजलि देने से हुई। दो मिनट का मौन रखकर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
इस अवसर पर ममता भट्ट, शांति हरबोला, बिमला देवी, बच्ची देवी, शांति चौधरी, पदमा नेगी, शुशीला देवी, प्रेमा डोर्बी, चंद्राकला सहित कई वीर नारियां मौजूद रहीं। वहीं, गौरव सेनानियों में मेजर के. एस. महरा, कैप्टेन एम. एस. राठौड़, कैप्टेन प्रमोद शर्मा, कैप्टेन चंद्रवीर सिंह बसेरा, कैप्टेन सुरेश भट्ट, कैप्टेन नारायण दत्त, कैप्टेन सोबन भड़, सूबेदार मेजर गोविंद बर्ती, सूबे डी. एस. कन्याल, डी. एस. दफौटी, गोपाल सिंह डसीला और अन्य उपस्थित थे।
महिला मोर्चा की इस पहल ने राखी के पर्व को देशभक्ति और सम्मान की भावना से जोड़ते हुए सभी के दिलों को छू लिया।

