बागेश्वर। भारतीय मौसम विभाग द्वारा 10 जून से उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने की चेतावनी के मद्देनज़र, भारतीय रेड क्रॉस समिति, बागेश्वर द्वारा आपदा से पूर्व राहत कार्यों की तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज कपकोट एवं गरुड़ विकासखंडों हेतु आपदा राहत सामग्री की एक विशेष खेप को समिति के चेयरमैन श्री इंदर सिंह फसर्वाण द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
चेयरमैन श्री फसर्वाण ने जानकारी देते हुए बताया कि रेड क्रॉस समिति बागेश्वर विगत कई वर्षों से मानसून के दौरान आपदा प्रभावितों को समय पर राहत सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार भी समिति ने मानसून से पूर्व ही सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं ताकि आपदा के समय राहत सामग्री पीड़ितों तक तत्काल पहुंचाई जा सके। साथ ही उन्होंने समस्त स्वयंसेवियों से आपदा की किसी भी स्थिति में तत्पर रहने का आह्वान किया।
जनपद सचिव श्री आलोक पांडे ने बताया कि आपदा राहत सामग्री की अतिरिक्त आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राज्य शाखा, उत्तराखंड रेड क्रॉस को भी सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध प्रेषित कर दिया गया है। राज्य शाखा से प्राप्त सामग्री को भी शीघ्र ही दोनों ब्लॉकों में वितरित किया जाएगा।
रेड क्रॉस के वरिष्ठ सदस्य श्री अंकित नगरकोटी ने बताया कि जिलाधिकारी बागेश्वर एवं चेयरमैन रेड क्रॉस के निर्देशन में समिति लगातार आपदा पीड़ितों की सेवा में कार्यरत है। इसी दिशा में आज यह महत्वपूर्ण खेप भेजी गई, जो समय पर प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचेगी।
कार्यक्रम के दौरान वाइस पैट्रन मनीष जखवाल, प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक,वरिष्ठ सदस्य मोहिउद्दीन अहमद तिवारी वेद प्रकाश पांडे, डॉ. हरीश दफ़ौती, आर. पी. कांडपाल, उत्कर्ष पांडे सहित अनेक स्वयंसेवी उपस्थित रहे और राहत सामग्री की व्यवस्था एवं प्रेषण में सक्रिय भूमिका निभाई।
भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर का यह प्रयास जनपद में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम है, जो न केवल तत्परता को दर्शाता है, बल्कि मानवता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण भी है।

