बागेश्वर। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा बागेश्वर जिले के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी मोहिउद्दिन अहमद तिवाड़ी को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किए जाने पर जिले में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शनिवार को बागेश्वर स्थित उनके प्रतिष्ठान में भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सामाजिक संगठनों की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान फूल-मालाओं, मिठाइयों और शुभकामनाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति को बागेश्वर के लिए गौरव का विषय बताया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि मोहिउद्दिन अहमद तिवाड़ी लंबे समय से संगठन और समाजसेवा के कार्यों से जुड़े रहे हैं और उनका अनुभव भाजपा संगठन के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
मोहिउद्दिन अहमद तिवाड़ी एक सफल व्यवसायी होने के साथ-साथ अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के लिए विशेष पहचान रखते हैं। वे भारतीय रेडक्रॉस समिति, बागेश्वर की जनपद कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में स्वास्थ्य और सेवा से जुड़े अनेक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। इससे पूर्व वे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर चुके हैं।
समाजसेवा और जनहित के कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें पूर्व में राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी प्रदेश स्तर पर नियुक्ति से भाजपा की अल्पसंख्यक वर्ग में संगठनात्मक पकड़ और अधिक मजबूत होगी तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा।
अपने स्वागत से अभिभूत मोहिउद्दिन अहमद तिवाड़ी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प दोहराया। स्थानीय लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बागेश्वर का नाम प्रदेश स्तर पर और अधिक गौरवपूर्ण रूप से स्थापित होगा।

