जालेख से उड़ान, सटीक लैंडिंग का रोमांच, विजेताओं को मिलेगा ₹1 लाख तक का पुरस्कार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जिले के कपकोट स्थित ऐतिहासिक केदारेश्वर मैदान में 5 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। आयोजन से क्षेत्र में खेल, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

प्रतियोगिता जालेख टेकऑफ प्वाइंट से केदारेश्वर मैदान तक उड़ान और सटीक लैंडिंग पर आधारित होगी। इसमें देशभर से अनुभवी पैराग्लाइडर पायलटों के साथ सेना के प्रशिक्षित पायलट भी हिस्सा लेंगे। प्रतिभागियों को निर्धारित लक्ष्य बिंदु पर सबसे सटीक लैंडिंग कर अंक हासिल करने होंगे, जिसके आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि भी आकर्षक रखी गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹1,00,000, द्वितीय को ₹50,000 और तृतीय को ₹30,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। यह आयोजन पर्यटन विभाग और फ्लाई हिमालयाज एडवेंचर जैसे अनुभवी संगठनों के सहयोग से कराया जा रहा है, जो पहले भी क्षेत्र में सफल एडवेंचर इवेंट आयोजित कर चुके हैं।

विधायक कपकोट सुरेश गढ़िया के प्रयासों को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है। उन्होंने लगातार कपकोट क्षेत्र में साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पहल की है। उनके प्रस्ताव और सक्रिय सहयोग से ही इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो सका है।

स्थानीय युवाओं और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से कपकोट और बागेश्वर की पहचान राष्ट्रीय एडवेंचर स्पोर्ट्स मानचित्र पर और मजबूत होगी। साथ ही, बाहरी पर्यटकों की आमद बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सीधा लाभ मिलेगा।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News