कपकोट। देवभूमि शिल्पकार संगठन ब्लॉक कपकोट की ओर से एक होटल में शिल्पकार समाज की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों, भेदभाव और अन्य सामाजिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए समाज के लोगों को जागरूक और संगठित होकर आगे आने की जरूरत है।
वक्ताओं ने कहा कि शिल्पकार समाज को राजनीतिक दलों के लिए केवल वोटबैंक बनने से बचना होगा। समाज के हितों और अधिकारों को प्राथमिकता देते हुए एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और आपसी एकता के माध्यम से समाज को मजबूत बनाया जा सकता है। बैठक में सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता महेंद्र राम ओझा ने की। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोहर राम, जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य नीलू पहरी, जशौद राम, नरेश राम, राजेंद्र प्रसाद, पूर्व ग्राम प्रधान प्रवीण राम, पूर्व सूबेदार भजन राम और दिनेश बेरी समेत कई लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने भविष्य में भी समाज के मुद्दों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
