घास काटने के दौरान हुआ हादसा, सीएचसी बैजनाथ में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल किया गया था रेफर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : बैजनाथ तहसील के सिमार गांव में खेत में घास काटने गई एक महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सिमार गांव निवासी तुलसी देवी (45) पत्नी राजेंद्र सिंह रविवार को घर के समीप मवेशियों के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान घास के बीच छिपे सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के डसने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे।
सीएचसी में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार शुरू किया और उन्हें एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन दिया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू सुविधा के लिए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

जिला अस्पताल की इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कल्पना पांडेय ने बताया कि महिला को अस्पताल लाया गया था, लेकिन उस समय तक उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तुलसी देवी के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की उम्र करीब 25 वर्ष है और उसकी शादी हो चुकी है, जबकि 22 वर्षीय बेटा देहरादून में पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News