बागेश्वर में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. चंदन राम दास की स्मृति में बागेश्वर में आयोजित ऑल इंडिया नाइन-ए-साइड प्राइज मनी ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता में देशभर की नामी टीमें दमखम दिखा रही हैं। भारी बारिश के बावजूद मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में पहुंच रहे हैं। विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता के रोमांच को और बढ़ा दिया है।
फुटबॉल क्लब के सचिव कमल साह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए कुल 46 टीमों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से बेहतर टॉप 12 टीमों को ही मुख्य टूर्नामेंट में प्रवेश दिया गया है। प्रतियोगिता में मुंबई, गोवा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, मऊ, हल्द्वानी, गढ़वाल, नेपाल, मुनस्यारी, बरेली समेत कई टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें दो टीमों में विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। आज प्रतियोगिता में मुंबई और गोवा की टीमों के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। बारिश के बीच दोनों टीमें जीत के लिए जोर लगा रही हैं। मैदान में मौजूद दर्शक भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1 लाख 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
वही फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष मनोज कपकोटी ने बताया कि यह क्लब की ओर से आयोजित किया जा रहा चौथा ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट है। उन्होंने कहा कि इस बार विदेशी खिलाड़ियों के शामिल होने से प्रतियोगिता का स्तर और रोमांच दोनों बढ़े हैं। विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण टूर्नामेंट को देश के प्रमुख स्थानीय फुटबॉल आयोजनों में पहचान मिल रही है।
वहीं बीएनएफसी मुंबई के विदेशी खिलाड़ी माइकल उमोमस ने कहा कि बागेश्वर आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। उनकी टीम का लक्ष्य प्रतियोगिता जीतना है। उन्होंने कहा कि टीम पहले भी मुकाबले जीत चुकी है और आज के मैच में भी जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।
भारी बारिश के बावजूद दर्शकों की मौजूदगी और देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंची टीमों ने बागेश्वर के फुटबॉल मैदान को उत्साह और रोमांच से भर दिया है।
