बागेश्वर। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जनपद बागेश्वर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड, देहरादून तथा जिलाधिकारी बागेश्वर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में बुधवार को जिले में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
अभियान के तहत आज कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें तीन मिठाई, एक दूध, एक मिर्च पाउडर तथा चार नमकीन के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच की जा सके।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान मिठाई, दूध, नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान रक्षाबंधन पर्व तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके बाद भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूपेंद्र देव मौजूद रहे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं।
