रवाईखाल में पहाड़ी दरकी, सड़क पर आया भारी मलबा, दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। रवाईखाल के समीप अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। भारी मात्रा में मलबा आने से मार्ग दोनों ओर से बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी कमजोर हो गई थी, जिसके बाद अचानक भूस्खलन हुआ। गनीमत रही कि जिस समय पहाड़ी का मलबा सड़क पर गिरा, उस दौरान कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

भूस्खलन की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। हालांकि, बारिश जारी रहने के कारण पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

लगातार बारिश से जिले के कई पहाड़ी मार्ग भूस्खलन की चपेट में आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और सड़क बंद होने की स्थिति में यातायात जल्द बहाल करने के लिए पर्याप्त मशीनरी तैनात रखने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News