बागेश्वर जिले में लगातार बारिश के बीच रवाईखाल के पास पहाड़ी दरकने से एनएच-109K पर यातायात प्रभावित हो गया। सोमवार देर रात भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मंगलवार सुबह भी इसी स्थान पर भूस्खलन हुआ। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम सड़क से मलबा हटाने में जुटी रही। फिलहाल क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष कुमार के अनुसार मार्ग को वैकल्पिक रूप से खोल दिया गया है। हालांकि पहाड़ी से रुक-रुककर मलबा गिरने के कारण यहां आवाजाही अभी भी जोखिम भरी बनी हुई है।
बागेश्वर जिला मुख्यालय से करीब आठ से दस किलोमीटर दूर रवाईखाल में लगातार बारिश के चलते पहाड़ी दरक रही है। सोमवार रात हुए भूस्खलन में बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गया, जिससे यातायात पूरी तरह रुक गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। सड़क खोलने के लिए मौके पर जेसीबी लगाई गई, लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक पुरानी मशीन होने के कारण मलबा हटाने में समय लगा। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था कर मार्ग खोल दिया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भूस्खलन प्रभावित स्थान पर सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग की है।
