रवाईखाल में सड़क बहाली कार्य युद्धस्तर पर, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

खबर शेयर करें -

जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रवाईखाल के समीप NH-109K पर भारी स्लाइड आने से प्रभावित यातायात को शीघ्र सुचारु करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तेजी से कार्रवाई की जा रही है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन एवं बीआरओ की टीमें मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने मंगलवार को रवाईखाल पहुंचकर प्रभावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया तथा सड़क बहाली कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्लाइड हटाने एवं सड़क खोलने के कार्य में और तेजी लाई जाए तथा सभी आवश्यक प्रयास करते हुए शाम तक यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।

बीआरओ की टीम द्वारा सुबह से ही भारी मशीनरी के माध्यम से स्लाइड हटाने और सड़क को यातायात योग्य बनाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिला प्रशासन की टीमें मौके पर लगातार निगरानी कर रही हैं और सड़क बहाली कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है। ग्वालदम की ओर जाने वाले यात्री बागेश्वर–बालीघाट–जखेड़ा–डंगोली मार्ग का प्रयोग कर सकते हैं। वहीं कौसानी की ओर जाने वाले यात्री बागेश्वर–गिरेछीना–सोमेश्वर मार्ग से आवागमन कर सकते हैं।

प्रशासन ने यात्रियों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम एवं यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। सड़क बहाली कार्य को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है, ताकि आमजन को आवागमन में जल्द से जल्द राहत मिल सके।

इस दौरान तहसीलदार ऋतु गोस्वामी, बीआरओ के अधिकारी गणेश सिंह खाती सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News