बागेश्वर: नशा मुक्त उत्तराखंड और ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने मादक पदार्थो की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.162 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। एसपी बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा ने बताया कि एसओजी टीम ने गोलना क्षेत्र के महादेव पुलिया पर चेकिंग अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर टीम ने एक संदिग्ध को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान ग्राम बैछम, थाना कपकोट निवासी 62 वर्षीय पदम सिंह टाकुली पुत्र शेर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बरामद नशे के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच के साथ आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।