उत्तरकाशी। हिमालय संरक्षण, स्वच्छता और जिम्मेदार पर्वतारोहण का संदेश लेकर माउंट सतोपंथ अभियान शनिवार को उत्तरकाशी से रवाना हो गया। गंगोत्री हिमालय क्षेत्र में समुद्र तल से 7,075 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माउंट सतोपंथ शिखर को फतह करने निकला यह दल पर्वतारोहण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ हिमालय के प्रति जनजागरूकता फैलाने का भी कार्य करेगा।
अभियान की थीम स्वच्छ एवं सुरक्षित हिमालय रखी गई है। अभियान का उद्देश्य केवल शिखर आरोहण तक सीमित नहीं है, बल्कि हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते पर्यावरणीय खतरों, ग्लेशियरों पर पड़ रहे जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और पर्वतीय क्षेत्रों में फैल रहे कचरे के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। अभियान दल विभिन्न ट्रेकिंग मार्गों और पड़ावों पर स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यटकों, ट्रेकर्स और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा।
अभियान दल का नेतृत्व अनुभवी पर्वतारोही मुनेन्द्र सिंह राणा कर रहे हैं। टीम में माउंट एवरेस्ट विजेता प्रवीण राणा के अलावा नवीन कुमार, नवीन गुसाईं, पवनेश राणा, रतन सिंह नेगी, आजाद सिंह राणा, सचिन लामा और चिश्वरी राजपूत शामिल हैं। सभी सदस्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।
अभियान के समन्वय में माउंटेन पैराडाइज ट्रेक्स एंड एक्सपीडिशन्स के संस्थापक मुकेश पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान को हरी झंडी दिखाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान ने कहा कि हिमालय केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की प्राकृतिक धरोहर है, जिसकी सुरक्षा और स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इस अवसर पर गोपाल गुसाईं और महावीर सिंह चौहान भी उपस्थित रहे।
रवाना होने से पहले अभियान दल ने उत्तरकाशी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और हिमालय को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प दोहराया। अभियान के दौरान दल कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त पर्वतारोहण और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करेगा।
