बागेश्वर: रानीखेत में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती में शामिल होने के लिए बागेश्वर रूनीखेत से 90 फ्यूचर अग्निवीरों को बस के माध्यम से रवाना किया गया। युवाओं ने रवाना होने से पहले मुँह मीठा किया और अपने परिजनों व कैप्टन उन्यूड़ी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान माहौल उत्साह के साथ-साथ भावुक भी रहा।
रिटायर्ड कैप्टन नारायण सिंह उन्यूड़ी ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं को भर्ती के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से वे युवाओं को सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षण दे रहे हैं। कई युवाओं ने उनके मार्गदर्शन में सेना में चयन पाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भर्ती के लिए रवाना होने से पहले युवाओं को संबोधित करते हुए कैप्टन उन्यूड़ी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि हर बैच उनके लिए परिवार की तरह है, और उनकी सफलता ही उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, आत्मविश्वास और पूरी मेहनत के साथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार ने हमेशा की तरह इस बार भी बस सेवा उपलब्ध कराई, जिसके लिए सभी ने उनका आभार जताया। जानकारी के अनुसार, पहले चरण में 90 युवाओं को भेजा गया है, जबकि करीब 30 अन्य अभ्यर्थियों को बाद में रानीखेत भर्ती के लिए रवाना किया जाएगा। उपस्थित लोगों ने सभी युवाओं के सफल चयन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
