विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अपर आयुक्त कुमाऊं जीवन सिंह नगन्याल ने सोमवार को जनपद के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर नोटिसों की सुनवाई एवं निस्तारण प्रक्रिया का जायजा लिया।
अपर आयुक्त ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय मंडलसेरा बानरी बूथ संख्या 08, उच्चतर प्राथमिक विद्यालय थापल पेटलाकोट बूथ संख्या 39 तथा प्राथमिक विद्यालय गलई कंधार बूथ संख्या 59 में SIR के तहत जारी नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त नोटिसों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही सभी प्रकरणों की उचित एवं पूर्ण डॉक्यूमेंटेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सुनिश्चित किया जाए।
बूथ संख्या 08 पर कुल 576 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें से 126 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं,
वहीं बूथ संख्या 39 पर कुल 359 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 78 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इसी प्रकार बूथ संख्या 59 पर कुल 858 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 186 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, सहायक निर्वाचन अधिकारी धनी राम टम्टा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
