साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में योगदान के लिए हुईं सम्मानित, शिक्षण और शोध के साथ लेखन में भी बनाई पहचान
अल्मोड़ा। नगर के जाखन देवी क्षेत्र निवासी मानसी जोशी को साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘Women Icon Award 2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें Women’s World Records & Awards of International की ओर से प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षण संस्थान और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मानसी जोशी वर्तमान में स्प्रिंग डेल्स स्कूल, अल्मोड़ा में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ ही वह एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी से हिंदी विषय में पीएचडी कर रही हैं। उन्हें साहित्य और काव्य लेखन में विशेष रुचि है। शिक्षा, शोध और साहित्य के क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
मानसी की इस उपलब्धि पर स्प्रिंग डेल्स स्कूल की प्रधानाचार्या ज्योत्सना सोहनलाल ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, उनके शोध निर्देशक डॉ. जगदीश चंद्र जोशी ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मानसी जोशी की यह उपलब्धि उन युवाओं, विशेषकर युवतियों के लिए प्रेरणादायक है, जो शिक्षा के साथ साहित्य और लेखन के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उनकी सफलता पर परिवारजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।


