सनातन धर्म पर टिप्पणी को लेकर भाजयुमो में आक्रोश, सरयू पुल तिराहे पर फूंका पुतला

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा बागेश्वर ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने भराड़ी टैक्सी स्टैंड स्थित सरयू पुल तिराहे पर एकत्र होकर पुतला दहन किया और बयान की कड़ी निंदा की।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने कहा कि सनातन धर्म भारत की प्राचीन संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है। इस प्रकार की टिप्पणी करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली और बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी धर्म और समाज विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देना उचित नहीं है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म केवल एक धार्मिक विचार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का आधार है। ऐसे बयान समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास हैं, जिन्हें देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। भाजयुमो नेताओं ने उदयनिधि स्टालिन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए भविष्य में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयान न देने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विरोध जताया। इस मौके पर दीपक ग्स्याल, राजेंद्र परिहार, हरीश मेहरा, निर्मल तड़ागी, अंकित, मनीष पांडे और महेश दानू समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News