बागेश्वर को मिले नए पुलिस कप्तान, जितेंद्र मेहरा पुलिस मुख्यालय भेजे गए, 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 17 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह अनुभाग-1 की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कई जिलों के पुलिस कप्तानों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में बागेश्वर को नया पुलिस अधीक्षक मिला है। डॉ. जगदीश चंद्र को बागेश्वर का नया एसपी नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान एसपी जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, डॉ. जगदीश चंद्र इससे पहले नैनीताल में पुलिस अधीक्षक नगर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें अब बागेश्वर जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं, बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। उनके स्थानांतरण के बाद जिले में नए पुलिस कप्तान की तैनाती की गई है।

17 जिलों के पुलिस कप्तानों की बदली जिम्मेदारी

तबादला सूची के अनुसार, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। ऊधमसिंह नगर में मणिकांत मिश्रा को एसएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है।

टिहरी में सरिता डोबाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली का पुलिस अधीक्षक और देवेंद्र पींचा को पौड़ी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

अन्य अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती

पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव का सेनानायक, हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक और अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है। विशाखा अशोक भदाणे और सुरजीत पंवार को पुलिस मुख्यालय में तैनाती मिली है। संदीप पंवार को सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है, जबकि शाहजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस बनाया गया है।

शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने और कार्यभार प्रमाणक पुलिस महानिदेशक के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News