बागेश्वर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में पुलिस ने 14 नवंबर को विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसमें एक वाहन को सीज किया गया, जबकि तीन वाहनों के चालान न्यायालय के माध्यम से किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने की हिदायत भी दी।
इसके अलावा पुलिस ने देर शाम ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत होटल और ढाबों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी क्षेत्रों से आए लोगों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने कुल नौ बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। पुलिस के अनुसार, बाहरी क्षेत्रों से आकर अपनी पहचान छिपाकर या वेश बदलकर रहने वाले अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है।
वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे 12 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने होटल, ढाबा संचालकों और मकान मालिकों से भी अपील की है कि वे अपने यहां ठहरने वाले बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण करना और आम जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


