राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा ने जताई नाराजगी, गोदियाल से मांगा जवाब

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा ने नाराजगी जताई है। पीएमजीएसवाई अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड के लोगों की भावनाएं आहत होती हैं।

शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है। प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा सेना और सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर देश की रक्षा में योगदान देते हैं। ऐसे में देश की सुरक्षा के लिए समर्पित अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व को लेकर की गई टिप्पणी को उन्होंने उत्तराखंड के लोगों की भावनाओं से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से सवाल किया कि क्या वह राहुल गांधी की टिप्पणी से सहमत हैं यदि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपने नेता के बयान का समर्थन करते हैं तो उन्हें खुलकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। बिष्ट ने कहा कि इस मुद्दे पर जनता अपना जवाब जरूर देगी। उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है, लेकिन कुछ लोग उसके खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इस तरह के विरोध को अनुचित बताते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा नहीं किया जाना चाहिए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News