बागेश्वर। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में विद्यालयी शिक्षा विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बागेश्वर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी ज्ञान क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता की शुरुआत स्क्रीनिंग परीक्षा से हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन मुख्य क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया।
मुख्य प्रतियोगिता को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न चरणों में आयोजित किया गया। इसमें बहुविकल्पीय राउंड, विजुअल राउंड, एक्सटेंपोर राउंड, रैपिड फायर राउंड और बजर राउंड शामिल रहे। सभी चरणों में प्रतिभागियों को अपनी जानकारी, समझ और तुरंत उत्तर देने की क्षमता का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम में आदित्य, ऋतिक और गौरव शामिल रहे। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनरसा की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में मनीष, सरिता और अमित शामिल थे। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर की टीम तीसरे स्थान पर रही। टीम में हर्षिता, अमन पांडे और प्रीति भट्ट ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार आगरी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए इस तरह की प्रतियोगिताओं को शैक्षिक विकास और ज्ञानवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन राजीव निगम, जनपद समन्वयक एवं प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर ने किया। इस अवसर पर संजय कुमार टम्टा, सुमित पंत, नेहा जोशी, सुरेश राम, आलम रामपाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


