मुख्यमंत्री ने टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,पिथौरागढ़ पहुंचकर धारचूला के लिए हुए प्रस्थान

खबर शेयर करें -

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार प्रातः टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रियों का प्रथम दल अपराह्न में पिथौरागढ़ स्थित कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के पर्यटक आवास गृह पहुँचा, जहाँ जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर केएमवीएन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से तिलक लगाकर तथा माला पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सभी यात्रियों को कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।

कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के प्रथम दल में कुल 49 यात्री शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक आयु के यात्री 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा सबसे कम आयु के 21 वर्षीय हरिकृष्ण चावड़ा हैं।

पिथौरागढ़ प्रवास के दौरान यात्रियों ने उत्तराखण्ड सरकार के हाउस ऑफ हिमालयाज स्टॉल का अवलोकन किया तथा उत्तराखण्ड के पारंपरिक एवं प्राकृतिक उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। यात्रियों ने हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं स्थानीय पहचान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए बड़ी संख्या में स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की। प्रदर्शनी में वाइल्ड फॉरेस्ट हनी, पहाड़ी टोपी, मुनस्यारी राजमा, काला भट्ट एवं हर्बल टी की सर्वाधिक मांग रही।

स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में यह प्रदर्शनी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। कैलाश मानसरोवर यात्रा जैसे अंतरराष्ट्रीय महत्व के अवसर पर हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया स्थानीय आजीविका संवर्धन, ग्रामीण उद्यमिता तथा “वोकल फॉर लोकल” अभियान को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। यात्रियों ने इन उत्पादों की गुणवत्ता एवं विशिष्टता की सराहना करते हुए उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत की भी प्रशंसा की।

यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय प्रशासन एवं आमजन द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया जा रहा है, जिससे यात्रा का अनुभव और भी सुखद एवं अविस्मरणीय बन गया है। यात्रियों ने उत्तराखण्ड सरकार तथा जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी मुक्तकंठ से सराहना की।

जिला प्रशासन एवं केएमवीएन द्वारा यात्रियों के लिए दोपहर के भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। भोजन एवं अल्प विश्राम के उपरांत यात्रियों का दल धारचूला के लिए रवाना हुआ। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का प्रथम दल आज रात्रि विश्राम धारचूला में करेगा। इसके उपरांत सोमवार को यात्री अपनी आगे की यात्रा प्रारंभ करते हुए गुंजी के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा कैलाश मानसरोवर यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News