चमोली। जिले के तमक क्षेत्र में बादल फटने की घटना से भारी तबाही की सूचना है। जोशीमठ से करीब 37 किलोमीटर आगे लोंग (तमक) नामक स्थान पर हाल ही में बनाया गया बीआरओ का वैली ब्रिज उफनती नदी की चपेट में आकर बह गया। क्षेत्र में दो से तीन बार नाले में बादल फटने की सूचना सामने आ रही है।
अचानक आई तेज बाढ़ के कारण तमक के पास नदी और नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पानी के तेज बहाव में वैली ब्रिज बहने से नीती घाटी जाने वाला मार्ग फिलहाल पूरी तरह बाधित हो गया है। बताया जा रहा है कि वैली ब्रिज के संपर्क में आने वाले करीब 17 से अधिक गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। स्थानीय लोगों और नीती घाटी की ओर जाने वाले यात्रियों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। फिलहाल तमक क्षेत्र से आगे जाने का रास्ता नहीं होने के कारण लोगों को यात्रा से बचने को कहा जा रहा है।
भारी बारिश और उफनते नदी-नालों को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ब्रिज बहने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही बहाल करना बड़ी चुनौती बन गई है।
