दिल्ली-मुनस्यारी रोडवेज बस को कांडा में जबरन रुकवाया, चालक से मारपीट; यात्रियों को घंटों करना पड़ा इंतजार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। दिल्ली-मुनस्यारी रोडवेज सेवा की बस को शनिवार सुबह कांडा क्षेत्र में एक कार चालक द्वारा जबरन रुकवाने और चालक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मामला कोतवाली पहुंच गया, जहां चालक-परिचालक ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के कारण बस सेवा घंटों प्रभावित रही और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली-मुनस्यारी रोडवेज सेवा शनिवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान कमेड़ीदेवी के समीप से एक महिला यात्री रुद्रपुर जाने के लिए बस में सवार हुई। बस जब कांडा के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक कार ने बस को ओवरटेक कर जबरन रुकवा दिया।
बताया जा रहा है कि कार सवार व्यक्ति बस में घुस गया और रुद्रपुर जा रही महिला यात्री को नीचे उतारने की जिद करने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि उसने बस चालक के साथ मारपीट भी की। अचानक हुई इस घटना से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद चालक और परिचालक मामले को लेकर कोतवाली पहुंचे तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले के चलते दिल्ली जाने वाली बस निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी।
इस घटना का असर बस सेवा पर भी पड़ा। जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे रवाना होने वाली बस करीब ढाई बजे तक स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे बस में सवार करीब 15 यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। यात्री बस के संचालन शुरू होने का इंतजार करते रहे और उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा।
बस चालक सुरेंद्र सिंह ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा में इस तरह की घटनाएं न केवल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर भी प्रतिकूल असर डालती हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News