बागेश्वर में लैब और एक्स-रे संचालकों की बैठक, जल्द होगी डायग्नोस्टिक एसोसिएशन कार्यकारिणी घोषित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जिले के पैथोलॉजी लैब एवं एक्स-रे संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जल्द ही डायग्नोस्टिक एसोसिएशन जिला बागेश्वर की पंजीकृत कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और लैब संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि जिले में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी लैब संचालक हमेशा तत्पर रहेंगे। साथ ही सरकारी अस्पतालों में पैथोलॉजी लैब को पीपीपी मोड पर किसी निजी कंपनी को सौंपे जाने का विरोध किया जाएगा। सदस्यों ने अस्पतालों में सक्रिय दलालों पर चिंता जताते हुए उनके खिलाफ जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने और इस संबंध में ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। इसके अलावा सीएमओ बागेश्वर के साथ समन्वय बनाकर क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट सर्टिफिकेट को प्रोविजनल से स्थायी करने के लिए भी ज्ञापन दिए जाने पर सहमति बनी। बैठक में गरीब परिवारों के लिए कम दरों पर जांच उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया। साथ ही सभी लैब्स में एक समान रेट लिस्ट लागू करने और मानकों के अनुसार संचालित लैब्स के उत्पीड़न का विरोध करने की बात कही गई। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि बिना मानकों और अवैध रूप से संचालित लैब्स पर होने वाली कार्रवाई के लिए वह जिम्मेदार नहीं होगा। इसके अलावा समय-समय पर ब्लड डोनेशन के लिए मरीजों को प्रेरित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि जल्द ही डायग्नोस्टिक एसोसिएशन जिला बागेश्वर के पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। बैठक में अमित डसीला, सुरेश मलड़ा, हिमांशु भटखोरा, आनंद भंडारी, अर्जुन सिंह, हेम चंद्र, कैलाश कोरंगा, भुवन भंडारी, वीरेंद्र ऐठानी सहित बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट क्षेत्र के लैब एवं एक्स-रे संचालक मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News