जिला प्रशासन अंतिम छोर तक जनसेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध : जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे

खबर शेयर करें -

शामा उप तहसील में तहसील दिवस का आयोजन: 48 जनसमस्याओं पर प्रशासन की सीधी सुनवाई

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील कपकोट की उप-तहसील शामा में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने विभिन्न जनसमस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।

तहसील दिवस में सड़क, पेयजल, आपदा, दूरसंचार नेटवर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, एएनएम की उपलब्धता तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कुल 48 शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन जनपद के अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों तक जनसेवाएं पहुंचाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों पर एक सप्ताह के भीतर की गई कार्यवाही एवं प्रगति की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।

निर्धारित समय सीमा से अधिक विलंबित परियोजनाओं पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कुछ परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु तृतीय पक्ष (थर्ड पार्टी) निरीक्षण कराए जाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों की शिथिल कार्यशैली पर जिलाधिकारी ने फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी शिकायतों पर सकारात्मक प्रगति सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध ढंग से कार्यवाही करें तथा नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

तहसील दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

इस दौरान समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य शामा विजया कोरंगा, क्षेत्र पंचायत सदस्य कला देवी, ग्राम प्रधान पन्याली गोपाल सिंह कोरंगा, शामा प्रेम देवी, लीती मीना देवी, नामतिचेतबगड चरण कोश्यारी, भनार बबीता देवी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बागेश्वर राम सिंह कोरंगा, कीवी मैन भवन सिंह कोरंगा, भूपेंद्र कोरंगा व अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News