स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें, डेंगू नियंत्रण में सभी विभाग करें समन्वित प्रयास: जिलाधिकारी

खबर शेयर करें -

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं जिला स्तरीय डेंगू निगरानी समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. कुमार आदित्य तिवारी ने विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया।

बैठक में संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, एएनसी, पीएनसी, परिवार नियोजन, ओपीडी, आईपीडी, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम तथा एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अपेक्षित प्रगति वाले कार्यक्रमों में विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।

डेंगू नियंत्रण की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ जनजागरूकता अभियान चलाने, नगर पालिका को नियमित सफाई, स्रोत नष्टकरण, एंटी लार्वा गतिविधियां एवं फॉगिंग तथा शिक्षा विभाग को विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू जांच किट, दवाओं, प्रशिक्षित मानव संसाधन एवं उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध मामलों की नियमित निगरानी करने को कहा।

मातृ मृत्यु की समीक्षा में हाई रिस्क गर्भवतियों की सतत निगरानी, समय पर एएनसी जांच, संस्थागत प्रसव एवं सुदृढ़ रेफरल व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही टीबी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण एवं एनसीडी कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की प्रभावी प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अमित मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, जिला सर्विलांस अधिकारी डा. आकाश कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News