एनएच-09 और एनएच-109के चौड़ीकरण कार्यों पर डीएम सख्त, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग तथा बीआरओ द्वारा संचालित सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्यों से जुड़े भूमि अधिग्रहण, वन भूमि हस्तांतरण, यूटिलिटी शिफ्टिंग तथा अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-09 के डुंगातोली-तवाघाट तथा तवाघाट-लिपुलेख मार्ग के चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने भूमि अधिग्रहण से जुड़े सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने, प्रभावित लोगों को मुआवजा समय पर वितरित करने, भवनों का मूल्यांकन शीघ्र पूरा करने तथा वन भूमि हस्तांतरण सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं जनपद के विकास और सीमांत क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और लंबित प्रकरणों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे हो सकें।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109के (जौलजीबी-धारचूला) के विभिन्न पैकेजों से जुड़े भूमि अधिग्रहण मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों, कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों को अधिसूचना जारी करने, मुआवजा वितरण, आपत्तियों के निस्तारण तथा कब्जा हस्तांतरण की प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, बीआरओ एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य उपजिलाधिकारी, जल संस्थान, यूपीसीएल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

ADVERTISEMENTS Ad
Breaking News