उत्तराखंड में 4.9 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, गढ़वाल से कुमाऊं तक महसूस हुए झटके

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: उत्तराखंड में मंगलवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। रात करीब 10:23 बजे आए भूकंप से गढ़वाल से लेकर कुमाऊं मंडल तक कई जिलों में धरती हिली। लोगों ने घरों और इमारतों में कंपन महसूस किया, जिसके बाद कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

भूकंप के झटके नैनीताल, बागेश्वर, भीमताल, पिथौरागढ़, चंपावत, हल्द्वानी, खटीमा, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, गोपेश्वर, चमोली, बदरीनाथ, थराली, श्रीनगर और पोखरी समेत कई क्षेत्रों में महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। भूकंप का केंद्र चमोली जिले में बताया गया है।

भूकंप के आधिकारिक मापदंडों के अनुसार इसकी तीव्रता 4.9 रही। भूकंप का समय 6 अक्टूबर 2026 को रात 10:23:13 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र 30.103 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.561 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था, जबकि इसकी गहराई करीब 13 किलोमीटर बताई गई है।

उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। राज्य के पहाड़ी हिस्सों में पहले भी कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञ लोगों से भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहने और भवनों में भूकंपरोधी मानकों का पालन करने की अपील करते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News