जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें मुख्य रूप से पेयजल, सड़क, विद्युत आदि से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए और अन्य शिकायतों को संबंधित विभाग को शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में बैड़ा मझेड़ा-जारती मोटर मार्ग के किमी 11 में सड़क धंसने से आवागमन के लिए खतरा उत्पन्न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को जांच समिति गठित कर एक माह के भीतर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त एवं लंबित प्रकरणों की भी बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से लंबित मामलों में संबंधित विभागों से जवाब-तलब करते हुए प्रत्येक प्रकरण पर की गई कार्रवाई की स्पष्ट आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में निर्धारित कॉलिंग प्रक्रिया का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा कॉलिंग प्रतिशत किसी भी स्थिति में 70 प्रतिशत से कम न हो। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता से प्रभावी संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त ‘हेलो बागेश्वर’ के माध्यम से प्राप्त समस्याओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
