बागेश्वर जिले के गरूड़ क्षेत्र में दूध की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुग्ध एटीएम वाहन और कमेड़ी स्थित दुग्ध अवशीतन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों स्थानों से दूध के कुल दो नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। यदि भविष्य में दूध या अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत प्राप्त होती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर नमूना लिया जाएगा और जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
