प्रभारी प्रधानाचार्य के समर्थन में धरने पर बैठे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: राजकीय इंटर कॉलेज भंतोला में स्थानांतरण की मांग को लेकर पिछले नौ दिनों से धरने पर बैठे प्रभारी प्रधानाचार्य धर्म सिंह के समर्थन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी भी उतर आए हैं। उन्होंने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर शिक्षक के साथ धरना दिया और शिक्षा विभाग की तबादला नीति पर सवाल उठाए।

ऐठानी ने कहा कि एक शिक्षक को अपने हक और पारिवारिक परिस्थितियों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में स्थित सरकारी विद्यालयों की स्थिति, शिक्षकों की समस्याओं और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार को गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि धर्म सिंह ने करीब 21 वर्षो तक दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं दी हैं। लंबे समय तक दुर्गम क्षेत्र में सेवा देने के बाद उन्होंने पारिवारिक परिस्थितियों, विशेषकर पत्नी के खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए स्थानांतरण का अनुरोध किया है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना चिंताजनक है।

ऐठानी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यालय में पढ़ाने तक सीमित नहीं होता, बल्कि दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को संभालने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में वर्षो तक दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले शिक्षकों की जायज समस्याओं और पारिवारिक परिस्थितियों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Breaking News