गुलदार का आतंक, गोशाला में घुसकर गाय को बनाया शिकार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: जिले में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जिला मुख्यालय के समीप द्यांगण गांव में मंगलवार रात गुलदार ने पूर्व प्रधान दीपा देवी की गोशाला में बंधी गाय को मार डाला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि देर रात गुलदार गोशाला में घुस आया और गाय पर हमला कर दिया। सुबह जब परिवार के लोग गोशाला पहुंचे तो गाय मृत मिली। इसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने का भरोसा दिलाया है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

इधर धरमघर रेंज के रावतसेरा गांव में भी गुलदार की आवाजाही से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान पुष्पा देवी की मांग पर वन विभाग ने गांव में गुलदार की निगरानी के लिए एनाइडर डिवाइस लगाया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और गुलदार के आतंक से जल्द राहत दिलाने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Breaking News