बागेश्वर: राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय सिरकोट की ओर से ग्राम सभा परकोटी, ब्लॉक गरुड़ में राष्ट्रीय अंधता निवारण एवं मोतियाबिंद मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही लोगों को योग, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हेमलता गोस्वामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों का परीक्षण किया। इस दौरान फार्मेसी अधिकारी सुरेंद्र कुमार और बहुउद्देशीय कर्मी हरीश चंद्र सिंह द्वारा करीब 57 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और नि:शुल्क औषधियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान योग अनुदेशक मुकेश चंद्र ने ग्रामीणों को योगाभ्यास कराया और नियमित योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग को दैनिक जीवन में अपनाकर कई शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी हेमलता गोस्वामी ने ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। शिविर में नेत्र विशेषज्ञ दिनेश सिंह बृजवाल द्वारा आंखों की जांच कर लोगों को मोतियाबिंद और दृष्टि संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सीएचओ नेहा बंगारी, एएनएम नीलम सती, आशा कार्यकर्ता दीपा पाण्डेय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।
