रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन की घटना सामने आई है। गौरीकुंड गेट से करीब 200 मीटर आगे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल यात्रा रोक दी है और किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह से हो रही तेज बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर पैदल मार्ग पर आ गिरे। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन ने मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के लिए मलबा हटाने का कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है। हालांकि लगातार बारिश और पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बने रहने के कारण राहत एवं सफाई कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें। यात्रा से जुड़े सभी यात्री प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और आधिकारिक सूचना मिलने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
